कुंडहित में बाबूलाल मरांडी का सरकार पर बड़ा हमला, महिलाओं की सुरक्षा, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण पक्ष के अवसर पर रविवार को जामताड़ा जिले के कुंडहित बस स्टैंड के समीप डाकबंगला मैदान में भाजपा की ओर से कार्यकर्ता सम्मेलन सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम से पहले उन्होंने धनुकडीह मोड़ स्थित सिद्धू-कान्हू की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, फूलमालाओं और गुलदस्तों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

 

Sponsored Advertisement

सम्मेलन को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने जनता के हितों के लिए सुख-सुविधाओं का त्याग कर संघर्ष का रास्ता चुना। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डॉ. मुखर्जी के आदर्शों पर चलकर समाज और राष्ट्र की सेवा करने का आह्वान किया।

 

अपने संबोधन में नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड में जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों की खुलेआम लूट हो रही है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि जनता से किए गए वादे धरातल पर कहीं दिखाई नहीं देते। उन्होंने कहा कि जब वे मुख्यमंत्री थे तब आम लोगों के लिए बालू मुफ्त उपलब्ध कराया गया था, लेकिन वर्तमान सरकार में लोगों को बालू के लिए भी पैसे चुकाने पड़ रहे हैं।

 

बाबूलाल मरांडी ने वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा डीजीपी को लिखे गए पत्र का जिक्र करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। वहीं जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु हत्याकांड में पुलिस अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि केवल तबादला पर्याप्त नहीं है, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

 

कार्यक्रम में पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने भी राज्य सरकार की कार्यशैली की आलोचना की। उन्होंने नाला रेल लाइन परियोजना का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण परियोजना वर्षों से अटकी हुई है। इस दौरान विभिन्न दलों से जुड़े 141 लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, जिनका बाबूलाल मरांडी ने पार्टी का पट्टा पहनाकर स्वागत किया।

 

संवाददाता : संतोष कुमार

  • Related Posts

    राघोपुर में भीषण कटाव के बीच पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी, 12 किमी तटबंध होगा मजबूत; गंगा में होगी ड्रेजिंग

    भागलपुर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को भागलपुर और नवगछिया पहुंचे, जहां उन्होंने गंगा में आई भीषण बाढ़ और नवगछिया अनुमंडल के राघोपुर इलाके में हो रहे तेज कटाव…

    गंगा का जलस्तर बढ़ने से सुल्तानगंज की नौ पंचायतें बाढ़ की चपेट में, विधायक ने किया प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

    भागलपुर। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड की नौ पंचायतों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। कई इलाकों में घरों में…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *