बिहार के बांका जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बौंसी-हंसडीहा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार हाइवा के अनियंत्रित होकर पलटने से छह वर्षीय मासूम हैप्पी कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घर के बाहर बंधी छह भैंसें भी कुचलकर मर गईं, जबकि एक अन्य भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, झारखंड से खाद लादकर आ रहा हाइवा बौंसी थाना क्षेत्र के भंडारी चक गांव के पास एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और हाइवा सड़क किनारे स्थित प्रकाश यादव के घर के पास पलट गया। उस समय छह वर्षीय हैप्पी कुमार घर के बाहर मौजूद था और वाहन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में परिवार को दोहरा नुकसान झेलना पड़ा। एक ओर मासूम बेटे की जान चली गई, वहीं दूसरी ओर उनकी छह भैंसें भी मलबे के नीचे दबकर मर गईं। घटना के बाद गांव में मातम और आक्रोश का माहौल बन गया।
घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हालात बिगड़ गए। आक्रोशित लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार, एएसआई दिलीप यादव, होमगार्ड जवान सुजीत कुमार गुप्ता और वाहन चालक प्रकाश कापरी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों का बौंसी रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया।
बाद में प्रशासन ने हाइड्रा और जेसीबी की मदद से पलटे हाइवा को हटाकर मासूम के शव को बाहर निकाला। बौंसी थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान वाहन का अनियंत्रित होना सामने आया है। वहीं पुलिस पर हमले के मामले में वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








