बगहा में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत, परिवार में मचा कोहराम

बगहा (पश्चिम चंपारण)। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल अंतर्गत चौतरवा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की बिजली करंट लगने से मौत हो गई। घर निर्माण के दौरान हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से दोनों भाइयों की जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, चौतरवा थाना क्षेत्र के चौबरिया गांव निवासी भिखारी गोंड के पुत्र नन्हू गोंड (28) और सनहू गोंड (26) सिसवा बसंतपुर पंचायत के डोभी टोला में घर निर्माण का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान काम करते समय सनहू गोंड अचानक हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गए। छोटे भाई को करंट से तड़पता देख बड़े भाई नन्हू गोंड उसे बचाने दौड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। देखते ही देखते दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।

 

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दोनों भाइयों को इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सनहू गोंड अपने ससुराल में नया घर बनवा रहे थे और निर्माण कार्य के दौरान यह हादसा हुआ। दोनों भाई विवाहित थे और अपने पीछे पत्नी, बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

 

घटना की पुष्टि करते हुए पंचायत की सरपंच रीना देवी ने बताया कि घर निर्माण के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दोनों भाइयों की मौत हुई है। वहीं चौतरवा थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम जीएमसीएच बेतिया में कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

  • Related Posts

    नशा मुक्त कोसी अभियान में बड़ी सफलता, एक सप्ताह में 92 आरोपित गिरफ्तार

    सहरसा। कोसी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में चलाए जा रहे नशा मुक्त कोसी अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 19 से 25 सितंबर के…

    नशामुक्त समाज के लिए एनसीसी कैडेटों ने निकाली जागरूकता रैली

    नशामुक्त समाज के लिए एनसीसी कैडेटों ने निकाली जागरूकता रैली

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *