सहरसा जिले के नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक (एसपी) विक्रम सिहाग ने मंगलवार को औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पुलिस कार्यालय पहुंचने पर उन्हें जिला पुलिस बल की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
नवनियुक्त एसपी विक्रम सिहाग ने कहा कि किसी भी जिले में पुलिस की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सहरसा में कानून का राज स्थापित करना तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही विभिन्न थानों में लंबित मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास कायम करना बेहद जरूरी है। अपराध नियंत्रण में आम लोगों की भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यदि जनता और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल रहेगा तो अपराध संबंधी सूचनाएं समय पर प्राप्त होंगी और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
एसपी ने पासपोर्ट सत्यापन, चरित्र प्रमाण पत्र तथा अन्य पुलिस सत्यापन से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही को बढ़ावा दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि जनता से नियमित फीडबैक प्राप्त करने की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, जिससे पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, जनोन्मुखी और संवेदनशील बनाया जा सके। इस अवसर पर मुख्यालय डीएसपी कमलेश्वर प्रसाद सिंह, डीएसपी धीरेंद्र कुमार पांडेय सहित जिला पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। नए एसपी के पदभार ग्रहण करने से जिले में बेहतर पुलिसिंग और सुशासन की उम्मीदें बढ़ गई हैं।






