सहरसा शहर के रिफ्यूजी कॉलोनी चौक स्थित मेहमानजी गेस्ट हाउस में पुलिस ने छापेमारी कर कथित अनैतिक गतिविधियों का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान एक महिला समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है, जबकि एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गेस्ट हाउस में संदिग्ध गतिविधियों के संचालन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान के नेतृत्व में छापेमारी की गई। इस दौरान महिला थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस ने गेस्ट हाउस के विभिन्न कमरों की गहन तलाशी ली और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की।
छापेमारी के दौरान करीब 40 वर्षीय एक महिला और चार युवकों को हिरासत में लिया गया। सभी को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों से लगातार पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में चर्चा का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इस गेस्ट हाउस में पुलिस ने कार्रवाई की हो। इससे पूर्व भी यहां कथित रूप से अवैध और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर छापेमारी की जा चुकी है। इसके बावजूद गेस्ट हाउस का संचालन जारी था।
फिलहाल महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पूरे मामले की जांच की जा रही है। एफएसएल टीम मौके से जुटाए गए साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामले को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा गेस्ट हाउस के संचालन और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।






