भागलपुर: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भागलपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संचालित “स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर” अभियान के अंतर्गत गोराडीह थाना क्षेत्र के चामुख गांव में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 8.250 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चामुख गांव निवासी महेश चौधरी अपने घर में अवैध मादक पदार्थों का भंडारण कर उसकी खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था) और गोराडीह थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने मंगलवार को आरोपी के घर पर विधिवत छापेमारी की। पुलिस की मौजूदगी की भनक लगते ही महेश चौधरी मौके से फरार हो गया। इसके बाद घर की गहन तलाशी ली गई, जिसमें 8.250 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि जिले में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अभियान के तहत जिले भर में लगातार निगरानी और छापेमारी की जा रही है।
संवाददाता : रजनीश कुमार





