बिहार के रोहतास जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां दिनारा थाना क्षेत्र के मठिया गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 319 पर सोमवार तड़के एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने बस और पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम छा गया है।
बताया जा रहा है कि सभी लोग तिलक समारोह से लौट रहे थे और बस से उतरकर सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पांचों लोग वाहनों के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मठिया गांव निवासी अशोक सिंह, पिंटू सिंह, रजनीश कुमार और करगहर थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी रामव्रत सिंह के रूप में हुई है। सभी आपस में रिश्तेदार थे और चेनारी थाना क्षेत्र के लोधी गांव में तिलक चढ़ाने के बाद घर लौट रहे थे।
घटना सुबह करीब तीन बजे की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अशोक सिंह की बेटी की शादी तय थी और पूरा परिवार इसी खुशी में शामिल होने गया था।
परिजन नंदेश्वर सिंह ने बताया कि जैसे ही वे लोग वाहनों से उतर रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों वाहनों को रौंद दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक की अनियंत्रित रफ्तार इस हादसे की मुख्य वजह है।
घटना की सूचना मिलते ही दिनारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर जब्त कर लिया है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग उठाई है।
