झारखंड के बोकारो में मजदूर दिवस के अवसर पर बोकारो स्टील प्लांट वर्कर्स यूनियन और पावर प्लांट वर्कर्स यूनियन द्वारा श्रमिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर यूनियन के नेताओं और मजदूरों ने स्वर्गीय एबी राय की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और मजदूरों के हित, अधिकार और सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम सेक्टर 12 स्थित प्रधान कार्यालय के समीप आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में मजदूर और यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि मजदूरों के हक और सम्मान के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
पावर प्लांट वर्कर्स यूनियन के महामंत्री शैलेंद्र कुमार राय ने कहा कि मजदूरों के मसीहा स्वर्गीय एबी राय ने अपने जीवन में मजदूरों के लिए लंबा संघर्ष किया था। उन्होंने श्रमिकों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई और कई महत्वपूर्ण लड़ाइयाँ लड़ीं। आज भले ही वे हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके संघर्ष और नेतृत्व की प्रेरणा आज भी हम सबके साथ है।
उन्होंने कहा कि बोकारो स्टील प्लांट और पावर प्लांट के मजदूरों की जो भी समस्याएं हैं, यूनियन उनके साथ मजबूती से खड़ी है। मजदूरों के हक और अधिकार के लिए जो भी लड़ाई लड़नी पड़ेगी, यूनियन पूरी एकजुटता के साथ उसका सामना करेगी।
वहीं यूनियन के अध्यक्ष अशोक मिश्रा ने भी मजदूरों के हक और अधिकार की आवाज बुलंद करते हुए कहा कि श्रमिकों के खिलाफ हो रहे शोषण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चाहे मजदूरों की छंटनी का मामला हो, ठेकेदारों द्वारा शोषण हो या प्रबंधन की मनमानी—यूनियन हमेशा मजदूरों के साथ खड़ी रही है और आगे भी रहेगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी मजदूरों ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
संवाददाता – चंदन सिंह, बोकारो / झारखंड
