भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित प्रसिद्ध अजगैबीनाथ धाम में बैशाख पूर्णिमा के अवसर पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस पावन अवसर पर विभिन्न गांवों और शहरों से हजारों की संख्या में महिला श्रद्धालु कलश शोभायात्रा में शामिल हुईं। सुबह से ही मंदिर परिसर और उत्तरवाहिनी गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
महिला श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान किया और गंगा जल भरकर कलश यात्रा की शुरुआत की। सिर पर कलश रखकर महिलाएं भक्ति गीतों और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ पैदल विभिन्न शिवालयों की ओर रवाना हुईं। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और हर ओर धार्मिक उल्लास का दृश्य देखने को मिला।
श्रद्धालुओं का मानना है कि बैशाख पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान और भगवान शिव का जलाभिषेक करने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्राप्त होती है। इसी आस्था के साथ महिलाएं दूर-दूर से यहां पहुंचीं और भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली की कामना की।
इस दौरान प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। प्रशिक्षु एएसपी सायम रजा के निर्देश पर गंगा घाट से लेकर पूरे शहर तक सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
गंगा घाट, मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर पुलिस जवान लगातार मुस्तैद दिखे। प्रशासन की सक्रियता के कारण श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना संपन्न की।
बैशाख पूर्णिमा पर अजगैबीनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की यह भीड़ एक बार फिर इस धार्मिक स्थल की महत्ता और लोगों की अटूट आस्था को दर्शाती नजर आई।
