जामताड़ा पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। एलपीजी गैस कनेक्शन अपडेट के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा करते हुए एसपी शंभू कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि नारायणपुर थाना क्षेत्र के दखनीडीह स्थित एक बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय में साइबर अपराधियों के छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर साइबर थाना और नारायणपुर थाना की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश मंडल, अजय मंडल और हीरालाल मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से आठ मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड और साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि आरोपी लोगों को व्हाट्सएप पर “एलपीजी गैस कनेक्शन अपडेट” के नाम से एपीके फाइल भेजते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति उस फाइल को डाउनलोड करता था, उसके मोबाइल की बैंकिंग और निजी जानकारी अपराधियों तक पहुंच जाती थी। इसके बाद आरोपी ई-वॉलेट और अन्य डिजिटल माध्यमों से लोगों के खातों से पैसे निकाल लेते थे।
एसपी शंभू कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड न करें। साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि जामताड़ा पुलिस ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और आम लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है और गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश जारी है।
संवाददाता – buro report, जामताड़ा
एलपीजी गैस कनेक्शन अपडेट के नाम पर साइबर ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई


