apnabiharjharkhand

नाव यात्रा के दौरान मासूम की बिगड़ी तबीयत, मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत



भागलपुर के परबत्ता थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां नाव से सफर के दौरान एक मासूम बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इलाज के लिए भागलपुर ले जाए जा रहे बच्चे की मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार परबत्ता थाना क्षेत्र के मिर्जापरी गांव निवासी ज्वाला कुमारी अपने पति अवधेश कुमार के साथ बीमार बच्चे को इलाज के लिए भागलपुर ले जा रहे थे। बताया जा रहा है कि गांव से मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए परिवार नाव के सहारे सफर कर रहा था। इसी दौरान बड़ी जहाज घाट के पास बच्चे की अचानक तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई।

परिजनों ने बताया कि बच्चे की हालत नाजुक होते देख आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने बच्चे को सीपीआर देकर उसकी जान बचाने की कोशिश की। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल मायागंज रेफर कर दिया।

मृतक बच्चे की दादी सुमित्रा देवी ने बताया कि बच्चा काफी कमजोर था और लगातार बीमार चल रहा था। उन्होंने कहा कि इलाज के लिए परिवार उसे भागलपुर लेकर जा रहा था, लेकिन नाव यात्रा के दौरान ही उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। मायागंज अस्पताल पहुंचने के बाद इलाज शुरू किया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने कहा कि नदी पार कर इलाज के लिए जाना आज भी ग्रामीण इलाकों की बड़ी मजबूरी बनी हुई है, जिससे कई बार मरीजों की जान पर बन आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *