apnabiharjharkhand

700 रुपये के विवाद में युवक पर लोहे की रॉड से हमला, गंभीर हालत में मायागंज अस्पताल में भर्ती


भागलपुर के हबीबपुर थाना क्षेत्र में महज 700 रुपये के लेन-देन को लेकर हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद युवक पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। घायल युवक की पहचान मोहम्मद शमशेर के रूप में हुई है, जिसका इलाज जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल मायागंज में चल रहा है।

घटना के संबंध में घायल शमशेर ने बताया कि फैजल नामक युवक का 700 रुपये उसके पास बाकी था। फैजल लगातार अपने पैसे की मांग कर रहा था। शमशेर के अनुसार उसने फैजल से कहा था कि जैसे ही उसके पास पैसे आएंगे, वह रकम लौटा देगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

शमशेर का आरोप है कि विवाद के बाद फैजल उसके घर पहुंच गया और वहां गाली-गलौज करने लगा। बात बढ़ने पर आरोपी ने मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान फैजल ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे शमशेर गंभीर रूप से घायल हो गया। हमला होते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए तुरंत मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों को लेकर बढ़ते विवाद अब हिंसक रूप लेते जा रहे हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बनता जा रहा है।

फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

संवाददाता : नीतीश कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *