धनबाद स्थित CSIR-CIMFR में 01 मई से चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा का आज समापन हो गया। समापन समारोह में संस्थान के निदेशक, धनबाद नगर निगम के नगर आयुक्त आशीष गंगवार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बताते हुए कार्यस्थल से लेकर घर तक साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया गया।
स्वच्छता पखवाड़ा के तहत संस्थान परिसर में कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें प्रभात फेरी, स्वच्छता शपथ, चित्रकला प्रतियोगिता, कार्यस्थल पर सफाई अभियान, श्रमदान और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान शामिल रहा। इस दौरान परिसर में कुल 157 पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए। संस्थान की ओर से परिसर में प्लास्टिक बोतलों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा भी की गई।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए खेलने की जगह की कमी का मुद्दा भी उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए पार्क और खेल मैदान की व्यवस्था जरूरी है।
नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने कहा कि सिम्फर का परिसर काफी सुंदर और हराभरा है। उन्होंने कहा कि धनबाद जैसे कोयला खनन वाले शहर में स्वच्छता बनाए रखना बड़ी चुनौती है, लेकिन लोगों की भागीदारी से इसे संभव बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम सीमित संसाधनों के बीच काम करता है, इसलिए हर नागरिक को स्वच्छता अभियान में सहयोग करना चाहिए। जहां साफ-सफाई होगी, वहां बीमारियां भी कम होंगी।
उन्होंने स्वच्छता पखवाड़ा में बच्चों की भागीदारी को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे समाज में जागरूकता बढ़ेगी और आने वाली पीढ़ी स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनेगी।
संवाददाता – नीतीश कुमार
CSIR-CIMFR में स्वच्छता पखवाड़ा का समापन, 157 पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


