मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि शिक्षक बच्चों को ठीक ढंग से पढ़ाएं और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें।

वे शनिवार को बख्तियारपुर में मंजू सिन्हा परियोजना बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई पर ध्यान देने और शिक्षकों को पठन-पाठन को बेहतर बनाने की नसीहत दी। साथ ही विद्यालय में शिक्षकों की कमी को जल्द दूर करने का आश्वासन भी दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विद्यालय अनुकरणीय है। यहां दो हजार से अधिक लड़किया पढ़ती हैं। विद्यालय में आधुनिक लैब व लाइब्रेरी की व्यवस्था की गई है। उन्होंने अधिकारियों को भवन के मेंटेनेंस पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। कहा कि विद्यालय भवन के ऊपर पर्याप्त संख्या में सोलर प्लेट लगवाएं, जिससे विद्यालय में आवश्यकता अनुरूप बिजली की आपूर्ति हो सके। नीतीश कुमार ने कहा कि पूर्व विधान पार्षद रामचंद्र भारती ने ही मेरी धर्मपत्नी के नाम पर इस विद्यालय का नामकरण कराया। मुझे यह बात मालूम नहीं थी। बाद में हमें पता चला।

पहले यह जानते तो नामकरण नहीं कराते।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विद्यालय में 2014 छात्राएं नामांकित हैं। यह बड़ी खुशी की बात है।

पहले लड़कियों को शिक्षा प्रदान करने के लिए बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बनाए जाते थे।

अब लड़के और लड़कियों को एक ही जगह पढ़ा रहे हैं। इस विद्यालय भवन के बन जाने से लड़कियां काफी उत्साहित हैं। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ने की अपील भी की।

साथ ही अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि यहां पढ़ाने वाले शिक्षकों और छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

11 करोड़ की लागत से बना है भवन

करीब 11 करोड़ की लागत से बने चार मंजिला भवन में कुल 32 कमरे हैं। छत पर जाने के लिए दो लिफ्ट भी लगाये गये हैं। तत्कालीन एमएलसी रामचन्द्र भारती के प्रयास से वर्ष 2015 में इस स्कूल का नाम प्रोजेक्ट बालिका से हटा कर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी मंजू सिन्हा के नाम पर कर दिया गया था।

ये थे मौजूद

सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, विधायक अनिरुद्ध प्रसाद, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, सुन्नी वक्फ बोर्ड के चेयरमैन मो. इर्शादुल्ला, मुख्यमंत्री के अग्रज सतीश कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, डॉ. एस. सिद्धार्थ, सचिव अनुपम कुमार, एडीजी विधि व्यवस्था संजय कुमार सिंह, पटना के प्रमंडलीय आयुक्त कुमार रवि, आईजी राकेश राठी, बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक कार्तिकेय धनजी।

थाना परिसर में बनेगी बहुमंजिली इमारत

मुख्यमंत्री ने विद्यालय से सटे थाना परिसर का जायजा लिया। उन्होंने थाना परिसर में खाली जमीन पर बहुमंजिली इमारत बनाने का निर्देश दिया। कहा कि इस विद्यालय के बगल में बख्तियारपुर थाना का भवन है। हम चाहते हैं कि वह भी जल्दी बेहतर हो जाए।

बचपन में हम यहां के थाना परिसर में जाया करते थे। अब उसका एक हिस्सा इस विद्यालय में शामिल हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *