श्रीलंका के उच्चायुक्त अशोक मिलिन्डा मोरागोडा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की।
शनिवार को 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प में हुई मुलाकात के दौरान विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। मोरागोडा ने नीतीश को श्रीलंका आने का निमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री ने श्रीलंका के उच्चायुक्त को अंगवस्त्रत्त् एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रीलंका के उच्चायुक्त को बुद्ध स्मृति पार्क का भ्रमण कराया गया।
इसके पहले मुख्यमंत्री ने श्रीलंका के उच्चायुक्त को मुख्यमंत्री आवास परिसर स्थित बोधिवृक्ष का दर्शन कराया एवं उससे संबंधित विशेषताओं के बारे में जानकारी दी।
बताया कि बोधिवृक्ष की परिष्करण प्रार्थना परम पावन दलाई लामा द्वारा 4 जनवरी 2013 को की गई। इस बोधिवृक्ष को 2 नवम्बर 2011 को लगाया गया था। प्राचीन काल से ही बिहार एवं श्रीलंका का आपस में सौहार्दपूर्ण संबंध रहा है।
श्रीलंका के कोलंबो हवाई अड्डा से बिहार के गया हवाई अड्डा तक सीधे उड़ान की सुविधा है। महात्मा बुद्ध की ज्ञानस्थली होने के कारण श्रीलंका से बड़ी संख्या में बौद्ध श्रद्धालु बिहार आते हैं, जिन्हें राज्य सरकार द्वारा सभी प्रकार की सुविधाएं दी जाती हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, डॉ. एस. सिद्धार्थ, सचिव अनुपम कुमार व विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह उपस्थित थे।