apnabiharjharkhand

नालंदा में संपत्ति विवाद में बेटे ने पिता को मारी गोली, इलाज के दौरान हुई मौत



बिहार के नालंदा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां संपत्ति विवाद में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना भागन बिगहा ओपी क्षेत्र के तूफानगंज गांव की है, जहां इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस आरोपी बेटे की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।



मृतक की पहचान 48 वर्षीय बच्चू पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर आरोपी पुत्र अपने पिता से मिलने घर पहुंचा। उसने पहले पिता के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और फिर बातचीत के बहाने उन्हें गांव के एक सुनसान इलाके में ले गया। वहीं उसने अपने पिता के सीने में गोली मार दी।

गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। गंभीर रूप से घायल बच्चू पासवान को आनन-फानन में इलाज के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के दूसरे पुत्र जितेंद्र पासवान ने बताया कि उनके पिता ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी से आरोपी पुत्र पवन पासवान था, जबकि दूसरी पत्नी गुलाबी देवी से दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। परिवार में लंबे समय से संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था।

परिजनों के अनुसार बंटवारे में आरोपी पवन पासवान को मकान मिला था, जबकि दूसरी पत्नी के हिस्से में जमीन आई थी। इसी बात को लेकर आरोपी नाराज चल रहा था और उसने अपने पिता की हत्या की साजिश रची।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुत्र द्वारा ही गोली मारने की बात सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *