भागलपुर जिले के नगर परिषद सुल्तानगंज के चर्चित हत्याकांड में सभापति राज कुमार गुड्डू के निधन के छह दिन बाद पूर्णिया सांसद Pappu Yadav उनके आवास पहुंचे। इस दौरान सांसद पप्पू यादव ने मृतक सभापति को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
सांसद पप्पू यादव सबसे पहले मृतक नगर सभापति राज कुमार गुड्डू के आवास के समीप स्थित निजी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने मृतक के माता, पत्नी और सहयोगियों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान परिवार के लोगों ने घटना से जुड़े कई पहलुओं से सांसद को अवगत कराया।
मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद पप्पू यादव ने घटना को बेहद दुखद और शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज क्षेत्र पहले से ही अपराधियों के प्रभाव में रहा है और अब अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों पर सख्ती करने के बजाय उन्हें संरक्षण देने का काम कर रही है।
पप्पू यादव ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में अपराधियों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की तस्वीरें सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि इन तस्वीरों में लोक जनशक्ति पार्टी, भाजपा और जदयू से जुड़े नेताओं के साथ अपराधियों की मौजूदगी दिखाई दे रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है।
सांसद ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि इस मामले में शामिल अपराधियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाया जाए और दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो ताकि समाज में एक मजबूत संदेश जा सके।
इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में सांसद समर्थक और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पप्पू यादव के दौरे के बाद सुल्तानगंज हत्याकांड को लेकर एक बार फिर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है।
सुल्तानगंज हत्याकांड पर पप्पू यादव का बड़ा बयान, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग


