भागलपुर की लाइफलाइन माने जाने वाले विक्रमशिला सेतु पर यातायात बहाल करने की दिशा में अब बड़ा कदम उठाया गया है। सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से पर अस्थायी बेली ब्रिज निर्माण का कार्य धरातल पर शुरू हो चुका है। लंबे समय से पुल पर आवागमन प्रभावित होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब प्रशासन की पहल से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
निर्माण कार्य के लिए कोलकाता से सेना में इस्तेमाल होने वाले खास मिलिट्री कलर के भारी लोहे के स्ट्रक्चर तीन ट्रकों के जरिए भागलपुर पहुंचाए गए हैं। इन स्ट्रक्चरों का उपयोग बेली ब्रिज निर्माण में किया जाएगा। पुल पर निर्माण सामग्री पहुंचते ही प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और मौके पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि विक्रमशिला सेतु पर लगभग 34 मीटर के क्षतिग्रस्त हिस्से पर सीमा सड़क संगठन यानी बीआरओ की देखरेख में सैन्य स्तर पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि गुरुवार से इस कार्य में और तेजी लाई जाएगी ताकि जल्द से जल्द पुल पर यातायात बहाल किया जा सके।
बेली ब्रिज तैयार होने के बाद यातायात संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष वन-वे ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया है। योजना के अनुसार पुल के दोनों छोर पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और एक समय में केवल एक दिशा से वाहनों को गुजरने की अनुमति दी जाएगी। इससे पुल पर दबाव कम होगा और जाम की समस्या को नियंत्रित किया जा सकेगा।
प्रशासन का दावा है कि इस नई व्यवस्था से रोजाना आने-जाने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। विक्रमशिला सेतु पर शुरू हुए इस कार्य को लेकर आम लोगों में उम्मीद बढ़ी है कि जल्द ही आवागमन सामान्य होगा और लंबे समय से चली आ रही परेशानी खत्म हो सकेगी।
विक्रमशिला सेतु पर राहत की तैयारी तेज, बेली ब्रिज निर्माण का काम शुरू


