केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी सोमवार को एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में भाग ले रही थीं कि तभी भाजपा और राकांपा के सदस्यों में तीखी बहस हो गई। ईरानी सोमवार शाम शिवाजीनगर के बाल गंधर्व रंग मंदिर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा पर एक किताब का विमोचन करने के कार्यक्रम में शामिल हो रही थीं।

राकांपा की नगर इकाई ने अपनी महिला सदस्यों के नेतृत्व में कार्यक्रम स्थल के बाहर धरना दिया और बढ़ती महंगाई पर ईरानी को ज्ञापन देने की कोशिश की। उन्होंने महंगाई के खिलाफ नारेबाजी भी की और कार्यक्रम में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी जवाब में उनके खिलाफ नारेबाजी की जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की पुणे शहर इकाई ने आरोप लगाया कि इस दौरान परिसर के भीतर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने राकांपा की एक नेता पर हमला किया। पुलिस ने कहा कि वह कथित घटना की जांच कर रही है।

कांग्रेस और राकांपा कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ एक होटल और बाल गंधर्व सभागार के बाहर प्रदर्शन किया। ईरानी इन दोनों जगहों पर कार्यक्रमों में शामिल हो रही थीं। राकांपा और कांग्रेस राज्य की महा विकास अघाड़ी सरकार (एमवीए) सरकार की घटक हैं।

इस बीच ईरानी ने दावा किया कांग्रेस 2019 लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के अमेठी से तत्कालीन पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को हराने के लिए अब भी उनसे नाराज है। ईरानी ने कहा कि राकांपा का जन्म कांग्रेस से हुआ है, इसलिए वह शरद पवार नीत पार्टी के उनके खिलाफ आक्रामक रुख को समझती हैं।

राकांपा की पुणे इकाई अध्यक्ष प्रशांत जगताप ने कहा, ‘‘हमारी पार्टी पदाधिकारी वैशाली नागवड़े और अन्य (मंत्री को) एक ज्ञापन देने गए, तो सभागार के भीतर भाजपा कार्यकर्ताओं ने नागवड़े पर हमला किया।’’ राकांपा के वरिष्ठ नेता अंकुश काकड़े ने मांग की कि पुलिस इस मामले की गहन जांच करे और अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करे।

ईरानी के पुणे दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई को लेकर सोमवार को केंद्र के खिलाफ प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। महिला कांग्रेस सदस्यों द्वारा पहला विरोध प्रदर्शन एक होटल के बाहर किया गया, जहां ईरानी एक कार्यक्रम में भाग ले रही थीं।

कांग्रेस के एक नेता ने बताया, ‘‘दोपहर करीब 12 बजे पुणे शहर की महिला कांग्रेस कमेटी की सदस्यों ने महंगाई और एलपीजी (रसोई गैस) की बढ़ती कीमतों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। चूंकि, केंद्र सरकार देश में महंगाई रोकने में विफल रही है, इसलिए पार्टी की महिला सदस्य केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को चूड़ियां भेंट करने गई थीं।’’ उन्होंने बताया कि प्रदर्शन करने वालीं कांग्रेस सदस्यों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और बाद में छोड़ दिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *