Sasaram में बालू माफियाओं का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के जवान को बालू लदे ट्रैक्टर से कुचल दिया गया। गंभीर रूप से घायल सिपाही को प्राथमिक इलाज के बाद वाराणसी रेफर किया गया है। घटना के बाद पुलिस महकमे और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
घायल सिपाही की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक एसपी जैन कॉलेज मोड़ के पास ट्रैफिक पुलिस की टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान नो एंट्री के बावजूद तेज रफ्तार में एक बालू लदा ट्रैक्टर शहर में घुसने लगा। ड्यूटी पर तैनात सिपाही मुकेश कुमार ने ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और उन्हें कुचलते हुए फरार होने का प्रयास किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर का पिछला चक्का सिपाही के शरीर के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए ट्रैक्टर को पकड़ लिया, हालांकि चालक मौके से भागने में सफल रहा।
घायल जवान को तुरंत एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक डीएसपी अमरकांत समेत कई पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
ट्रैफिक डीएसपी अमरकांत ने कहा कि फिलहाल पुलिस की पहली प्राथमिकता घायल जवान की जान बचाना है। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में बालू माफियाओं के खिलाफ भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


