झारखंड के धनबाद जिले से एक बार फिर डराने वाली खबर सामने आई है। बाघमारा के सोनारडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत टांडाबाड़ी में गुरुवार को अचानक हुए भू-धंसान ने भारी तबाही मचा दी। इस घटना में करीब 15 से 20 घर पलभर में जमीन में समा गए, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जमीन अचानक फटने लगी और देखते ही देखते कई घर धराशायी हो गए। लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लोगों की जिंदगी भर की कमाई पल में उजड़ गई।
भू-धंसान के बाद इलाके की स्थिति बेहद भयावह हो गई है। सड़क, चबूतरे और आसपास की जमीन में बड़ी-बड़ी दरारें साफ देखी जा रही हैं। कई घरों में दरारें पड़ने के कारण लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने लगे हैं। पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग हर पल किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से डरे हुए हैं।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं के बावजूद प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों ने तत्काल पुनर्वास, उचित मुआवजा और सुरक्षा की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते उचित कदम उठाए गए होते, तो इतनी बड़ी घटना को टाला जा सकता था। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं ने टांडाबाड़ी के लोगों की चिंता और भी बढ़ा दी है।
फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
संवाददाता: नितीश कुमार, धनबाद
