टीकमगढ़ जिले के कुडीला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत दोह चक्र-दो के मुंडूबरियन खिरक गांव में जमीन को लेकर हुए विवाद ने एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की जान ले ली। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे मनका अहिरवार (65) और गांव के ही गज्जू अहिरवार के बीच जमीन के मुद्दे पर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज होने लगी। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान आरोप है कि गज्जू अहिरवार ने मनका अहिरवार के साथ मारपीट कर दी और उनके प्राइवेट पार्ट पर जोरदार लात मार दी।
लात लगते ही मनका अहिरवार अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश और तनाव की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी राहुल कटरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी अरविंद्र यादव ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
