पूर्व रेलवे के मालदा मंडल अंतर्गत सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण कार्य तेजी से जारी है. अप और डाउन लाइन के बीच स्टील गर्डर लॉन्चिंग के लिए रेलवे प्रशासन ने ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है. इसके कारण भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर 8-9 मई और 9-10 मई 2026 की मध्यरात्रि में ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा.

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ब्लॉक रात 9:50 बजे से तड़के 2:20 बजे तक रहेगा. इस दौरान सुरक्षा कारणों से कई ट्रेनों को रद्द और कुछ को पुनर्निर्धारित किया गया है. पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी Shivram Manjhi ने बताया कि नया फुट ओवर ब्रिज यात्रियों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही के लिए बनाया जा रहा है. प्लेटफार्मों के बीच बढ़ती भीड़ और असुविधा को देखते हुए यह परियोजना काफी महत्वपूर्ण है.

ब्लॉक अवधि के कारण 8 और 9 मई को चलने वाली 73436/73435 जमालपुर–भागलपुर–जमालपुर डेमू ट्रेन पूरी तरह रद्द रहेगी. वहीं 13031 हावड़ा–जयनगर एक्सप्रेस 3 घंटे विलंब से दोपहर 2:25 बजे हावड़ा से खुलेगी. 13415 मालदा टाउन–पटना एक्सप्रेस 2 घंटे देरी से रात 10:20 बजे रवाना होगी. इसके अलावा 15743 और 15733 बालुरघाट–भटिंडा एक्सप्रेस भी 2 घंटे विलंब से चलाई जाएंगी.

रेलवे के अनुसार ब्लॉक शुरू होने से पहले 53441 देवघर–जमालपुर पैसेंजर और 13402 दानापुर–भागलपुर इंटरसिटी अंतिम ट्रेनें होंगी. वहीं ब्लॉक समाप्त होने के बाद 15743/15733 बालुरघाट–भटिंडा एक्सप्रेस, 13230 राजेंद्र नगर टर्मिनल–गोड्डा एक्सप्रेस और 18603 रांची–गोड्डा एक्सप्रेस का परिचालन शुरू होगा.

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की अद्यतन स्थिति जांचने और स्टेशन समय से पहले पहुंचने की अपील की है. रेलवे ने भरोसा दिलाया है कि निर्माण कार्य तय समय में पूरा कर जल्द सामान्य परिचालन बहाल कर दिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *