पटना: बिहार में भले ही कोई बड़ा त्योहार नहीं चल रहा हो, लेकिन सियासी माहौल ने राजधानी पटना को उत्सव में बदल दिया है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की बढ़त के बाद पटना स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में जश्न का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं का उत्साह ऐसा था मानो एक साथ होली और दिवाली मनाई जा रही हो।
प्रदेश कार्यालय परिसर में कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग अंदाज में खुशी जाहिर की। कहीं झालमुड़ी बांटी जा रही थी तो कहीं मिठाइयां। महिला कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी, वहीं युवा आतिशबाजी करते नजर आए। मुख्य द्वार पर जोरदार पटाखे छोड़े गए, जिससे दिन में ही दिवाली जैसा दृश्य बन गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
बीजेपी सांसद धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने वोट के जरिए बदलाव का संदेश दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा था, जिसका जवाब जनता ने चुनाव में दिया है।
वहीं बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों के साकार होने जैसा है। उनके अनुसार, हजारों कार्यकर्ताओं की मेहनत और लंबे संघर्ष के बाद बंगाल में पार्टी को यह सफलता मिल रही है। उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका की भी सराहना की और कहा कि निष्पक्ष चुनाव के कारण ही जनता खुलकर मतदान कर सकी।
हालांकि अंतिम नतीजे अभी आना बाकी हैं, लेकिन रुझानों में बीजेपी को 200 से अधिक सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही है, जबकि ममता बनर्जी की पार्टी काफी पीछे नजर आ रही है। इन रुझानों ने बीजेपी कार्यकर्ताओं में उत्साह और बढ़ा दिया है।
