बिहार के नालंदा विश्वविद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय शिक्षा और शोध को नई दिशा देने की पहल करते हुए नीदरलैंड्स University of gronygun की के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। 16 मई 2026 को हुए इस समझौते को उच्च शिक्षा, नवाचार और वैश्विक रिसर्च सहयोग के लिहाज से बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस साझेदारी का सबसे बड़ा फायदा छात्रों और शोधकर्ताओं को मिलेगा। भारतीय छात्र और प्रोफेसर अब यूरोप के शैक्षणिक माहौल में पढ़ने और रिसर्च करने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे। वहीं विदेशी छात्रों को भी भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा प्रणाली को करीब से समझने का मौका मिलेगा। इससे छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने और बेहतर एक्सपोजर हासिल करने में मदद मिलेगी।
इस एमओयू के तहत दोनों विश्वविद्यालय वैश्विक महत्व के विषयों पर संयुक्त रिसर्च करेंगे। साथ ही रिसर्च पेपर, संयुक्त प्रकाशन, इनोवेशन और टैलेंट एक्सचेंज कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा। दोनों संस्थान मिलकर ऐसा ग्लोबल नेटवर्क तैयार करने की दिशा में काम करेंगे, जो भविष्य की वैश्विक चुनौतियों से निपटने में मददगार साबित हो सके।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह समझौता दो अलग-अलग सांस्कृतिक और भौगोलिक पृष्ठभूमि के छात्रों को जोड़ने का माध्यम बनेगा। इससे छात्रों को भारत और यूरोप की शिक्षा प्रणाली को समझने और नई सोच विकसित करने का अवसर मिलेगा। जल्द ही दोनों विश्वविद्यालय संयुक्त कार्यशालाओं और छात्र विनिमय कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार करेंगे।
गौरतलब है कि नालंदा विश्वविद्यालय अपनी प्राचीन विरासत के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध रहा है। नए परिसर की नींव 25 नवंबर 2010 को रखी गई थी, जबकि 19 जून 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके नए भवन का उद्घाटन किया था। वर्तमान में यहां 17 देशों के करीब 400 छात्र अध्ययन कर रहे हैं। प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय में धर्म, दर्शन, तर्कशास्त्र, व्याकरण और औषधि शास्त्र जैसे विषयों की पढ़ाई होती थी, जिसे 12वीं सदी में बख्तियार खिलजी ने नष्ट कर दिया था।


