भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज गोलीबारी की घटना के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। अपराधियों ने नगर परिषद कार्यालय में घुसकर कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण प्रसाद और नगर परिषद अध्यक्ष राजकुमार गुड्डू पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी।
इस हमले में गंभीर रूप से घायल कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण प्रसाद की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि नगर परिषद अध्यक्ष राजकुमार गुड्डू का इलाज अब भी जारी है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है।
घटना के बाद भागलपुर के समीक्षा भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में शोक सभा आयोजित की गई। इस शोक सभा में जिले के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत अधिकारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कृष्ण भूषण प्रसाद बेहद शांत, सरल, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे। वे पिछले एक वर्ष से भागलपुर जिले में अपनी सेवा दे रहे थे और प्रशासनिक कार्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा सराहनीय रही।
उन्होंने बताया कि सुल्तानगंज में पदस्थापन से पहले कृष्ण भूषण प्रसाद कहलगांव में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे, जहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया था। जिलाधिकारी ने कहा कि उनकी असमय मृत्यु प्रशासनिक सेवा के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
इस घटना के बाद पूरे जिले में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल भी है। दिनदहाड़े सरकारी कार्यालय में घुसकर इस तरह की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
