बिहार के औरंगाबाद जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मदनपुर थाना क्षेत्र के ऊंचौली गांव स्थित इंडियन बैंक शाखा में ड्यूटी के दौरान सिक्योरिटी गार्ड की दोनाली बंदूक से अचानक गोली चल गई, जिससे बैंक में कार्यरत रिकवरी एजेंट की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बैंक परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के माधोखाप गांव निवासी राजेंद्र पासवान के रूप में हुई है। वह इंडियन बैंक शाखा में रिकवरी एजेंट के तौर पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह बैंक खुलने के बाद सिक्योरिटी गार्ड अभय कुमार सिंह अपनी दोनाली बंदूक की सफाई कर रहा था। इसी दौरान अचानक बंदूक से मिसफायर हो गया और गोली पास में मौजूद राजेंद्र पासवान के पेट में जा लगी।
गोली लगते ही बैंक परिसर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में बैंक के असिस्टेंट मैनेजर श्याम बिहारी प्रसाद समेत अन्य कर्मियों ने घायल राजेंद्र पासवान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. संजय कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बैंक मैनेजर संजीत कुमार निराला और सिक्योरिटी गार्ड से पूछताछ की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और बैंक के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जाएंगे।
वहीं बैंक मैनेजर संजीत कुमार निराला ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड पानी पीने के बाद जैसे ही बंदूक उठाया, उसी दौरान अचानक गोली चल गई और पास में खड़े रिकवरी एजेंट को जा लगी। प्रारंभिक जांच में इसे मिसफायर माना जा रहा है।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था की जांच, लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और नौकरी देने की मांग की है।
