सहरसा शहर के सदर थाना क्षेत्र स्थित रिफ्यूजी चौक पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक हार्डवेयर और सेनेटरी सामान की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और मुख्य सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर बाद रिफ्यूजी चौक से बरियाही जाने वाली सड़क पर स्थित शुभलक्ष्मी ट्रेडर्स नामक दुकान से अचानक धुआं उठने लगा। शुरुआत में लोगों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

बताया जा रहा है कि आग लगने की वजह बिजली की शॉर्ट सर्किट हो सकती है। दुकान में सेनेटरी पाइप, पेंट्स और अन्य हार्डवेयर सामान का बड़ा गोदाम था, जहां बड़ी मात्रा में प्लास्टिक पाइप, पेंट्स के डिब्बे और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। इसी कारण आग तेजी से फैल गई।

दुकान से धुआं और आग की ऊंची लपटें निकलती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।

आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने भी फायर ब्रिगेड का पूरा सहयोग किया। लोगों ने दुकान के अंदर रखे प्लास्टिक पाइप, पेंट्स के बड़े-बड़े डिब्बे और अन्य सामान को बाहर निकालने की कोशिश की, ताकि आग और न फैल सके।

मुख्य सड़क किनारे आग लगने के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।

दुकान मालिक धीरेंद्र यादव ने बताया कि दुकान में काफी मात्रा में सामान रखा हुआ था, जिसमें अधिकांश जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने लाखों रुपये के नुकसान की बात कही है।

फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

सहरसा से इन्द्रदेव की रिपोर्ट।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *