भागलपुर नगर निगम ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। अब शहर में बिना अनुमति लगाए गए अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी गई है। इसको लेकर नगर निगम कार्यालय में नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

 

इस बैठक में भाजपा, जदयू, बसपा, हम और लोजपा सहित कई राजनीतिक दलों के पदाधिकारी शामिल हुए। शहर के अलग-अलग इलाकों में अनधिकृत रूप से लगाए जा रहे होर्डिंग, पोस्टर और बैनरों की समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई। नगर निगम ने सभी दलों से सुझाव और फीडबैक लेकर आगे की रणनीति तैयार की।

 

नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा ने साफ शब्दों में कहा कि अब बिना अनुमति लगाए गए किसी भी प्रकार के होर्डिंग, बैनर या पोस्टर को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति, संस्था या संगठन के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की टीम जल्द ही अभियान चलाकर शहर भर में लगे अवैध होर्डिंग और पोस्टरों को हटाने का काम शुरू करेगी।

 

नगर आयुक्त ने सभी राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कहा कि वे शहर की सुंदरता, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अवैध पोस्टरबाजी न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करती है, बल्कि कई बार यह यातायात और सुरक्षा के लिए भी समस्या बन जाती है।

 

बैठक के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष साह और जदयू जिला अध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने नगर निगम की इस पहल का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने इसे शहर हित में जरूरी और सराहनीय कदम बताया।

 

बैठक में नगर प्रबंधक असगर अली, अतिक्रमण प्रभारी जयप्रकाश यादव समेत कई अधिकारी भी मौजूद रहे। नगर निगम की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में भागलपुर शहर की सूरत और व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *