पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बभंडी गांव में बुधवार शाम एक लेनदेन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान हुई फायरिंग में एक 12 वर्षीय मासूम बच्चे को गोली लग गई। घायल बच्चे को तुरंत इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल बच्चे की पहचान सोनपुरवा निवासी विवेक कुमार (12 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सरयू पासवान का पुत्र है। जानकारी के अनुसार, बच्चे के पैर में गोली लगी है और फिलहाल उसका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 6 बजे सोनपुरवा निवासी अरुण शर्मा और सिंकु दुबे के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान अचानक अरुण शर्मा ने सिंकु दुबे पर फायरिंग कर दी। हालांकि गोली सिंकु दुबे को नहीं लगी, बल्कि पास में खड़े मासूम विवेक कुमार के पैर में जा लगी।
गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच सकी। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई है। पुलिस के अनुसार, अरुण शर्मा और सिंकु दुबे दोनों ही मनबढ़ू किस्म के युवक बताए जा रहे हैं और पूर्व में भी इनके बीच विवाद होते रहे हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं। इलाके में स्थिति सामान्य है, लेकिन पुलिस सतर्क बनी हुई है।
संवाददाता – सत्यम शुक्ला
