गिरफ्तारी के दो दिन बाद मंडल कारा सासाराम में कैदी की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

सासाराम। रोहतास जिले के मंडल कारा सासाराम में बंद एक 25 वर्षीय कैदी की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। वहीं, मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही और मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।

 

Sponsored Advertisement

मृतक की पहचान तिलौथू थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव निवासी अमरजीत यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमरजीत दूसरे प्रदेश में मजदूरी का काम करता था और परिवार का भरण-पोषण करता था।

 

शराब मामले में हुई थी गिरफ्तारी

 

जानकारी के अनुसार, अमरजीत यादव को बीते शनिवार को शराब से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उसे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में मंडल कारा सासाराम भेज दिया था। गिरफ्तारी के महज दो दिन बाद मंगलवार को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

 

बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे प्राथमिक उपचार के बाद जेल प्रशासन ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल स्थित कैदी वार्ड में भर्ती कराया। यहां दोपहर करीब दो बजे इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

 

मृतक के पिता सुरेंद्र यादव ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके बेटे को जानबूझकर मारा गया और तबीयत बिगड़ने की सूचना भी परिजनों को समय पर नहीं दी गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

 

परिजनों के अनुसार, अमरजीत परिवार का मुख्य कमाने वाला था। उसकी मौत के बाद परिवार में दो बेटियां और एक बेटा समेत तीन छोटे बच्चे बेसहारा हो गए हैं।

 

मेडिकल बोर्ड से होगा पोस्टमार्टम

 

इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में रखा है। प्रशासनिक स्तर पर मेडिकल बोर्ड के गठन और वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया चल रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल जेल प्रशासन और अस्पताल की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Related Posts

रोक के आदेश के बावजूद दाखिल-खारिज का आरोप, महिषी अंचल कर्मचारी और आरओ पर कार्रवाई की मांग

सहरसा। जिले के महिषी अंचल में न्यायालय के रोक आदेश के बावजूद विवादित जमीन का दाखिल-खारिज किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर मुरली निवासी शुभंकर चौधरी…

CIA परीक्षा के नाम पर छात्रों से 1100 रुपये वसूली का आरोप, विरोध के बाद परीक्षा स्थगित

मधेपुरा। बीएन मंडल विश्वविद्यालय की संबद्ध इकाई आरपीएम डिग्री कॉलेज, तुनियाही में सेमेस्टर-6 की CIA परीक्षा के नाम पर छात्रों से 1100 रुपये शुल्क लिए जाने का मामला सामने आया…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *