भागलपुर। पीरपैंती थाना क्षेत्र के टड़वा के पास तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते एक बार फिर सड़क हादसा हो गया। टोटो और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में मोटरसाइकिल सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, टोटो सवार महिला और चालक भी हादसे की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि टड़वा के पास टोटो और मोटरसाइकिल के बीच अचानक जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान 17 वर्षीय अंकित कुमार, पिता गोपाल ठाकुर, 17 वर्षीय सचिन कुमार, पिता प्रदीप महाल्दार और 18 वर्षीय हिमांशु कुमार, पिता शिव महाल्दार के रूप में हुई है।
हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद मोटरसाइकिल सवार तीनों युवकों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।
इस हादसे में टोटो सवार महिला बेबी करीना, पिता मोहम्मद जब्बार, निवासी पीरपैंती बाजार भी घायल हुई हैं। उन्हें भी बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया है। वहीं, टोटो चालक मोहम्मद शाहिद खान के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सड़क पर घायलों को देखकर लोगों में दहशत का माहौल बन गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है। इस हादसे ने एक बार फिर पीरपैंती क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों, यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






