भागलपुर के सबौर थाना क्षेत्र में बीती रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब धनकर मोड़ के आगे एक किशोरी संदिग्ध हालत में सड़क किनारे बेसुध पड़ी मिली। सुनसान इलाके में अचेत अवस्था में मिली किशोरी को देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने किशोरी को अपने संरक्षण में लेकर मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
घटना सबौर थाना क्षेत्र के धनकर मोड़ के आगे की बताई जा रही है, जहां देर रात सड़क किनारे एक सुनसान बगीचे के पास किशोरी बेसुध अवस्था में पड़ी मिली। राहगीरों की नजर जब उस पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किशोरी काफी घबराई और असामान्य स्थिति में दिखाई दे रही थी। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम सुषमा कुमारी बताया और अपने पिता का मोबाइल नंबर भी पुलिस को दिया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया।
परिजनों ने बताया कि किशोरी खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत थैगाय गांव की रहने वाली है। परिवार वालों के अनुसार उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है और वह घर से लापता थी। अचानक भागलपुर में इस हालत में मिलने के बाद परिवार भी चिंतित है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने किशोरी को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया। 112 पुलिस टीम के अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
वहीं, घटना के बाद इलाके में कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। लोग इस बात को लेकर सवाल उठा रहे हैं कि आखिर किशोरी इतनी दूर इस हालत में कैसे पहुंची। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल किशोरी सुरक्षित है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
भागलपुर में सड़क किनारे बेसुध मिली किशोरी, पुलिस ने मेडिकल जांच के लिए भेजा


