विश्रामपुर में जन्मजात हृदय रोग पहचान अभियान शुरू, विशेष चिकित्सकीय टीम गांवों के लिए रवाना


जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की समय पर पहचान और उनके निःशुल्क उपचार को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा विशेष स्वास्थ्य जांच एवं उपचार अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल के सहयोग से संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत क्षेत्र के चारों प्रखंडों में बच्चों की विशेष स्वास्थ्य जांच की जाएगी।

सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजेंद्र कुमार ने विशेष चिकित्सकीय टीम को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न गांवों के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जन्मजात हृदय रोग की समय पर पहचान होने पर बच्चों का सफल उपचार संभव है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग गांव-गांव पहुंचकर बच्चों की जांच कर रहा है ताकि किसी भी प्रभावित बच्चे को उपचार से वंचित न रहना पड़े।

अभियान के प्रथम दिन पांडु, कजरू, रतनाग समेत आधा दर्जन गांवों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ हृदय रोग संबंधी विशेष स्क्रीनिंग की गई। चिकित्सकों ने बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर संभावित हृदय संबंधी समस्याओं की पहचान करने का प्रयास किया।

जांच के दौरान जिन बच्चों में जन्मजात हृदय रोग अथवा हृदय संबंधी अन्य समस्याओं के लक्षण पाए गए, उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श दिया गया। साथ ही ऐसे बच्चों को अगले माह विस्तृत जांच एवं आगे के उपचार के लिए चिन्हित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार चयनित बच्चों का इलाज पूरी तरह निःशुल्क कराया जाएगा।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं तथा स्वास्थ्य शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। विभाग का मानना है कि इस अभियान के माध्यम से क्षेत्र के कई बच्चों को गंभीर हृदय रोगों से समय रहते राहत मिल सकेगी और उनका बेहतर उपचार संभव हो पाएगा।

संवाददाता : सत्यम शुक्ला
पलामू, झारखंड

  • Related Posts

    गंडक नदी उफान पर, 6 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है डिस्चार्ज; बगहा में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    गंडक नदी उफान पर, 6 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है डिस्चार्ज; बगहा में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    नशा मुक्त कोसी अभियान में बड़ी सफलता, एक सप्ताह में 92 आरोपित गिरफ्तार

    सहरसा। कोसी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में चलाए जा रहे नशा मुक्त कोसी अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 19 से 25 सितंबर के…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *