फतेहपुर ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, हथियार और जेवरात के साथ कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
जामताड़ा पुलिस ने फतेहपुर थाना क्षेत्र में 29 मई की रात हुई ज्वेलर्स लूटकांड की गुत्थी सुलझाते हुए एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने कार्रवाई करते हुए आरोपी फिरोज अंसारी को हथियार, कारतूस और लूटे गए चांदी के आभूषणों के साथ धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध अपराधी लाल रंग की मोटरसाइकिल से बीचकोड़ा-फतेहपुर मार्ग होते हुए दुमका की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही एसआईटी टीम ने बनगढ़ी पुल के समीप नाकाबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान लाल रंग की बाइक पर सवार एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवक ने अपनी पहचान फिरोज अंसारी निवासी तुलसडाबर, थाना चितरा, जिला देवघर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त लाल मोटरसाइकिल तथा करीब 100 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने 29 मई को फतेहपुर बाजार स्थित एक स्वर्ण व्यवसायी से हथियार के बल पर नकदी और सोने-चांदी से भरा बैग लूटने की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि इस वारदात को उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार फिरोज अंसारी ने देवघर, दुमका और जामताड़ा जिलों में लूट, डकैती, हत्या और आर्म्स एक्ट से जुड़े करीब 18 संगीन मामलों में अपनी भूमिका भी स्वीकार की है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फतेहपुर थाना में आरोपी के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
संवाददाता : संतोष कुमार
स्थान : जामताड़ा