जामताड़ा: स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने के उद्देश्य से जामताड़ा नगर पंचायत ने अपनी मुहिम को और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार को नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता अधिकारियों की टीम के साथ शहर के विभिन्न वार्डों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण करने सड़क पर उतरीं। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, पेयजल, जल निकासी, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष आशा गुप्ता ने शहर के विभिन्न वार्डों, प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था, नालियों की स्थिति और सार्वजनिक सुविधाओं को लेकर लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर अध्यक्ष ने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बाजार क्षेत्र में पहुंचकर आशा गुप्ता ने दुकानदारों और आम लोगों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने की जिम्मेदारी केवल नगर पंचायत की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। कचरा सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर फेंकने के बजाय डस्टबिन का उपयोग करना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
अध्यक्ष ने कहा कि नगर पंचायत की टीम प्रतिदिन सफाई कार्य में जुटी रहती है, लेकिन नागरिकों की सहभागिता के बिना स्वच्छता अभियान को पूरी सफलता नहीं मिल सकती। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और नगर पंचायत के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की।
निरीक्षण के अंत में आशा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का लक्ष्य जामताड़ा को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त शहर बनाना है, जिसके लिए हर संभव प्रयास जारी रहेगा।
संवाददाता : संतोष कुमार, जामताड़ा