
पटना/सहरसा। सहरसा में पत्रकार के साथ हुई कथित मारपीट के मामले को लेकर वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) बिहार के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात की। प्रदेश महासचिव सागर कुमार के नेतृत्व में पहुंचे सदस्यों ने मंत्री को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
मुलाकात के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि सहरसा में पत्रकार के साथ हुई घटना उनके संज्ञान में है। उन्होंने अधिकारियों से बात कर बताया कि फिलहाल मामले की जांच जिलाधिकारी के स्तर से की जा रही है। मंत्री ने कहा कि जांच के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
WJAI प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए केवल जिला स्तर की जांच पर्याप्त नहीं है। संगठन की ओर से प्रदेश स्तर पर विशेष जांच कमेटी गठित कर पूरे मामले की निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ जांच कराने की मांग रखी गई।
WJAI की मांग पर स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए राज्य स्वास्थ्य समिति के डायरेक्टर अमित कुमार पाण्डेय को प्रदेश स्तरीय जांच कमेटी गठित करने का निर्देश दिया। मंत्री ने कहा कि कमेटी का गठन अगले दिन तक हर हाल में कर दिया जाए, ताकि मामले की उच्चस्तरीय जांच जल्द शुरू हो सके।
प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया और कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभाते हैं। अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाले पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार की मारपीट या दबाव की घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
WJAI सदस्यों ने मंत्री के त्वरित हस्तक्षेप और जांच कमेटी के गठन के निर्देश का स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि उच्चस्तरीय जांच से पूरे मामले की वास्तविकता सामने आएगी और दोषी पाए जाने वालों पर उचित कार्रवाई होगी।
मुलाकात के दौरान प्रदेश महासचिव सागर कुमार, प्रदेश सचिव राजकमल, प्रदेश संयुक्त सचिव आदित्य कुमार के अलावा पत्रकार अभिमन्यु कुमार, गौरव राजहंस, गौरव कुमार और आर्यन राज मौजूद रहे।





