भागलपुर। बरारी थाना क्षेत्र में तीन बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला रिंकी कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार महिला की पहचान आदमपुर, जोगसर थाना क्षेत्र निवासी रिंकी कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर मामले का खुलासा किया।
घटना 9 सितंबर की रात की बताई जा रही है। गोड्डा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रुपियामा निवासी संचो देवी अपने पति सूरज कुमार और तीन बच्चों के साथ भागलपुर स्टेशन पहुंची थीं। ट्रेन छूट जाने के कारण वह बच्चों के साथ स्टेशन पर ही रुक गईं। अगले दिन सुबह एक अज्ञात महिला उनके पास पहुंची और साथ चलने पर काम दिलाने का भरोसा दिया।
महिला की बातों पर विश्वास कर संचो देवी अपने तीनों बच्चों के साथ उसके साथ चली गईं। आरोपी महिला तीनों बच्चों को टोटो से बरारी सब्जी मंडी ले गई। वहां उसने कमरा किराए पर लेने की बात कही और इसके लिए एडवांस पैसे की जरूरत बताई। इसके बाद संचो देवी अपने एक बच्चे को साथ लेकर सीएसपी से रुपये निकालने चली गईं।
जब वह पैसे निकालकर वापस लौटीं तो आरोपी महिला दो बच्चों को लेकर वहां से फरार हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद बरारी थाना में मामला दर्ज किया गया। बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना और विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की मदद से बच्चों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान एक बच्ची को गोड्डा जिले से, जबकि दूसरी बच्ची को मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।
बच्चियों की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी रिंकी कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने बच्चों को अपने साथ क्यों ले गई थी और घटना के पीछे उसका वास्तविक उद्देश्य क्या था। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।






