
भागलपुर। गंगा के बढ़े जलस्तर के कारण भागलपुर नगर निगम क्षेत्र के कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है। बाढ़ से प्रभावित लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। इसी बीच सामाजिक संगठन ‘भागलपुर मांगे विकास’ की ओर से समाजसेवी विशाल आनंद ने दीप नगर कॉलोनी में बाढ़ से घिरे लोगों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया।
इस दौरान प्रभावित परिवारों को चूड़ा, सत्तू, बिस्कुट समेत अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। राहत सामग्री मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने विशाल आनंद का आभार जताया। लोगों का कहना था कि बाढ़ की स्थिति के बावजूद नगर निगम क्षेत्र में प्रशासन की ओर से अभी तक इस तरह की राहत व्यवस्था नहीं पहुंची थी। ऐसे समय में विशाल आनंद ने उनकी परेशानी को समझते हुए खाने-पीने की सामग्री उपलब्ध कराई है।
मौके पर विशाल आनंद ने कहा कि गंगा के बढ़े जलस्तर के कारण बड़ी संख्या में लोग अपने घर और रोजगार से विस्थापित होने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के लिए घर और रोजगार दोनों से विस्थापित होना बेहद पीड़ादायक स्थिति होती है। ऐसे समय में समाज के हर सक्षम व्यक्ति की जिम्मेदारी बनती है कि वह अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंद लोगों की सहायता करे।
विशाल आनंद ने जनप्रतिनिधियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भागलपुर में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच कई जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारियों से दूर नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई अपने कार्यक्रमों में व्यस्त है तो कोई दूसरे कामों में, लेकिन ऐसे समय में समाज के लोगों को जागरूक होकर आगे आने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि आज की राहत सामग्री वितरण की पहल इसी सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है। आगे भागलपुर नगर निगम क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों को चिन्हित कर बाढ़ प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सक्षम लोगों से भी अपील की कि वे जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आएं।




