धनबाद जिले के कुसुम विहार स्थित स्वाति अपार्टमेंट में रहने वाली एक विवाहिता इन दिनों डर और दहशत के साये में जिंदगी जी रही है। महिला का आरोप है कि पति की प्रताड़ना और जान से मारने की धमकियों के कारण वह पिछले एक महीने से अपने ही घर में कैद होकर रहने को मजबूर है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है।
पीड़िता निशा सिन्हा ने बताया कि उनकी शादी 29 नवंबर 2021 को धनबाद के खड़ेश्वरी मंदिर में प्रणव कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। विवाह के दौरान लड़की पक्ष की ओर से नगद राशि, आभूषण और अन्य सामान भी दिए गए थे। शुरुआत में वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद रिश्तों में तनाव शुरू हो गया।
निशा का आरोप है कि उनके पति का अपनी ही भाभी के साथ अवैध संबंध है। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू हो गई। पीड़िता के अनुसार कई बार उन्हें नशीली दवाएं देकर परेशान किया गया। इसके बावजूद उन्होंने परिवार और रिश्ते को बचाने के लिए लंबे समय तक सबकुछ सहन किया।
महिला ने बताया कि हाल ही में उनके पति की ओर से तलाक का नोटिस भेजा गया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद से वह इतनी डरी हुई हैं कि पिछले एक महीने से घर से बाहर तक नहीं निकली हैं। निशा का कहना है कि उन्हें हर समय इस बात का डर सताता रहता है कि उनके पति कभी भी उनकी हत्या करवा सकते हैं।
पीड़िता ने बताया कि दो दिन पहले वह हिम्मत जुटाकर थाना पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया, लेकिन अब तक न तो आवेदन की रिसीविंग दी गई और न ही प्राथमिकी दर्ज की गई। इसे लेकर उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
महिला ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनके साथ कोई बड़ी घटना हो सकती है। अब सवाल यह उठता है कि आखिर एक महिला को अपनी सुरक्षा के लिए अपने ही घर में कैद होकर क्यों रहना पड़ रहा है।
संवाददाता – नीतीश कुमार
