बोकारो में हवाईअड्डे के विस्तार को लेकर चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान शनिवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब अतिक्रमण हटाने पहुंची बीएसएल सिक्योरिटी विभाग की टीम पर कब्जाधारियों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। इस घटना में दो सुरक्षा जवान घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना सेक्टर 12ए काली मंदिर के आगे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बोकारो एयरपोर्ट के विस्तार और बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर पिछले कई दिनों से प्रशासन और बीएसएल प्रबंधन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार चलाई जा रही है। इसी क्रम में शनिवार सुबह करीब 10 बजे सुरक्षा विभाग को सूचना मिली कि कुछ लोगों ने एयरपोर्ट क्षेत्र की नई जमीन पर अवैध कब्जा कर 6 से 7 मकान बना लिए हैं।
सूचना मिलते ही बीएसएल सिक्योरिटी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। टीम द्वारा जब कब्जे को हटाने का प्रयास किया गया तो वहां मौजूद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि कब्जाधारियों ने सुरक्षा कर्मियों पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस दौरान सुरक्षा जवान बबलू कुमार और अकरम अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद अतिरिक्त सुरक्षा बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया गया।
प्रशासन और बीएसएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि एयरपोर्ट विस्तार परियोजना हर हाल में पूरी की जाएगी और सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
संवाददाता – चंदन सिंह
