सहरसा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक बुजुर्ग दंपत्ति को अपनी ही पुत्रवधू को समझाना भारी पड़ गया। मामला सलखुआ प्रखंड के चिरैया थाना क्षेत्र स्थित चिरैया गांव का है, जहां घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और बुजुर्ग दंपत्ति अस्पताल पहुंच गए।

 

बताया जा रहा है कि बुजुर्ग दंपत्ति घर में किसी घरेलू बात को लेकर अपनी बहू को समझा रहे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बहू ने अपने मायके वालों को फोन कर बुला लिया। कुछ ही देर में बहू के माता-पिता और भाई मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते घर में हंगामा शुरू हो गया।

 

पीड़ित बुजुर्ग के अनुसार, बहू के मायके वालों ने मिलकर दोनों पति-पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान बुजुर्ग महिला के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ीं। वहीं उनके पति को भी अंदरूनी चोटें आई हैं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग दंपत्ति ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

 

इधर, घटना की सूचना मिलते ही चिरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी हुई है, जबकि घायल बुजुर्ग महिला की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *