धनबाद के वासेपुर इलाके में शुक्रवार को गैंगस्टर प्रिंस खान के घर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुर्की-जप्ती अभियान चलाया। यह कार्रवाई बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा धनबाद न्यायालय के आदेश पर की गई। कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गैंगस्टर प्रिंस खान लंबे समय से फरार चल रहा है और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, धमकी, फायरिंग समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। अदालत में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ कुर्की-जप्ती का आदेश जारी किया गया था। इसी आदेश के तहत शुक्रवार को पुलिस टीम उसके वासेपुर स्थित आवास पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घर में मौजूद सामानों का विवरण तैयार किया और नियमानुसार कुर्की-जप्ती की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी प्रिंस खान के कई ठिकानों पर छापेमारी और कुर्की-जप्ती की कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन अब तक वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पुलिस का दावा है कि प्रिंस खान फिलहाल पाकिस्तान में छिपकर रह रहा है और वहीं से अपने गिरोह का संचालन कर रहा है। बताया जा रहा है कि वह सोशल मीडिया और इंटरनेट कॉलिंग के जरिए अपने गुर्गों से संपर्क में रहता है और रंगदारी व अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिलाता है।
इधर, पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रिंस खान के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उसके कई सहयोगियों और गुर्गों को हाल के दिनों में गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसके पूरे नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता – नीतीश कुमार
