पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र में बीती रात एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में 25 वर्षीय दिनेश कुमार चंद्रवंशी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
घायल युवक की पहचान रेहला थाना क्षेत्र निवासी राजेश चंद्रवंशी के पुत्र दिनेश कुमार चंद्रवंशी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात दिनेश अपनी बगलगीर फुआ के घर किसी काम से गया हुआ था। इसी दौरान वह घर से बाहर निकला और बाथरूम करने लगा। तभी रेहला के स्थानीय निवासी गुड्डू सोनी का पुत्र अनुज सोनी उर्फ भोलू वहां पहुंचा और अचानक दिनेश पर चाकू से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने दिनेश कुमार चंद्रवंशी पर दो बार चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसके तुरंत बाद मामले की सूचना रेहला थाना पुलिस को दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार, घायल की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
इस संबंध में रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया गया। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस घटना के पीछे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
संवाददाता – सत्यम शुक्ला, पलामू
