पलामू से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 30 वर्षीय युवक के शरीर के अंदर फंसी 200 एमएल की कोल्ड ड्रिंक बोतल को डॉक्टरों ने सफल ऑपरेशन के बाद बाहर निकाला। युवक को तेज पेट दर्द की शिकायत के बाद एमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, हालांकि डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

 

जानकारी के अनुसार, युवक को गुरुवार को अचानक पेट में असहनीय दर्द होने लगा। परिजन उसे इलाज के लिए एमएमसीएच लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद सिटी स्कैन कराया, जिसमें शरीर के अंदर बोतल फंसी होने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट देखकर डॉक्टर भी हैरान रह गए।

 

इसके बाद एमएमसीएच में डॉ. सुशील पांडेय के नेतृत्व में डॉ. सब्या साक्षी मेहरा और डॉ. सुमित की टीम ने करीब 30 मिनट तक चली प्रक्रिया के बाद विशेष तकनीक और पंप की मदद से बोतल को बाहर निकाला। डॉक्टरों के अनुसार, समय रहते इलाज मिलने से युवक की जान बच गई।

 

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पड़वा थाना पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी चिंटू कुमार ने बताया कि युवक के नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह घटना किसी शरारत का परिणाम है या युवक ने नशे की हालत में खुद ऐसा किया।

 

बताया जा रहा है कि युवक पड़वा थाना क्षेत्र के लामीपतरा के झरी गांव का रहने वाला है और नशे का आदी है। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में उसके कुछ दोस्तों ने उसके साथ यह हरकत की हो सकती है। हालांकि युवक अभी तक इस मामले में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाया है।

 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और डॉक्टर युवक की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

 

संवाददाता – सत्यम शुक्ला, पलामू

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *