सहरसा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां महिषी प्रखंड स्थित राजकीय मध्य विद्यालय बलुआहा में मिड-डे मील में सांप का बच्चा मिलने से हड़कंप मच गया. दूषित भोजन खाने के बाद बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत होने पर स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई.

घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए. आनन-फानन में करीब 300 बच्चों को इलाज के लिए महिषी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम सभी बच्चों का इलाज कर रही है. कई बच्चों की हालत बिगड़ने की सूचना के बाद अतिरिक्त मेडिकल टीम भी तैनात की गई है.

इधर, घटना से नाराज ग्रामीणों और अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया. लोगों ने मिड-डे मील की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए स्कूल प्रशासन और भोजन बनाने वाली एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाया. अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया गया है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.

मामले को लेकर सहरसा के सिविल सर्जन ने बताया कि सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल सामान्य है. प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को बेहतर निगरानी और इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल भेजा जा रहा है. उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका सामने आई है. करीब 300 बच्चे प्रभावित हुए हैं, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है. भोजन के सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है और स्कूल प्रबंधन से भी जवाब तलब किया गया है. घटना के बाद इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *