सहरसा जिले के मध्य विद्यालय बलुआहा से एक बड़ी खबर सामने आई, जहां मिड डे मील खाने के बाद करीब ढाई सौ बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बच्चों को उल्टी, चक्कर और बेचैनी की शिकायत होने लगी, जिसके बाद अभिभावकों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

 

जानकारी के अनुसार विद्यालय में बच्चों को दोपहर का भोजन कराया गया था। भोजन करने के कुछ देर बाद ही कई बच्चों ने सिर चकराने और उल्टी होने की शिकायत की। देखते ही देखते बड़ी संख्या में बच्चे बीमार पड़ने लगे। घटना की खबर फैलते ही अभिभावकों में हड़कंप मच गया और सभी अपने-अपने बच्चों को लेकर महिषी पीएचसी पहुंचे।

 

लेकिन एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बच्चों के पहुंचने से अस्पताल में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। जगह की कमी होने के कारण कई बच्चों को बाद में सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

 

बच्चों के परिजनों ने आरोप लगाया कि मिड डे मील में सांप गिर गया था, जिसके बाद वही खाना बच्चों को परोस दिया गया। एक बच्चे ने भी बताया कि खाने में सांप दिखाई दिया था, लेकिन बाद में उसी भोजन को बच्चों को खिला दिया गया। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 

वहीं अस्पताल पहुंचे डॉक्टरों ने बताया कि सभी बच्चों की हालत फिलहाल सामान्य बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चों की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर बच्चों की तबीयत बिगड़ने की असली वजह क्या थी।

 

घटना की सूचना मिलने के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासन की टीम भी मामले की जांच में जुट गई है। स्कूल परिसर में भी लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चों के बीमार होने के पीछे वास्तविक कारण क्या है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *