झारखंड के धनबाद जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। बुधवार को समाहरणालय में एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में मंथली रिव्यू मीटिंग आयोजित की गई, जिसमें जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ और थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और लंबित मामलों के जल्द निष्पादन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

 

मीटिंग के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निपटाएं। इसके साथ ही फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

 

बैठक में वारंट के निष्पादन, कुर्की-जप्ती की कार्रवाई और संगठित अपराध (ऑर्गेनाइज्ड क्राइम) के खिलाफ अभियान को और तेज करने का निर्देश दिया गया। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

महिला और बच्चों से जुड़े मामलों को लेकर भी बैठक में गंभीरता दिखाई गई। एसएसपी ने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के साथ काम किया जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

इसके अलावा, हाल ही में आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा के दौरे के दौरान दिए गए निर्देशों को भी सख्ती से लागू करने की बात कही गई। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाएं।

 

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि लंबित मामलों का निष्पादन और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा जताया कि सख्त कार्रवाई और सतर्कता के जरिए जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

 

संवाददाता नीतीश कुमार धनबाद

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *