झारखंड के जामताड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान 58 वर्षीय गोविंद राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घर में हाल ही में उनकी बेटी की शादी धूमधाम से संपन्न हुई थी। 3 तारीख को शादी के बाद 4 मई को बेटी की विदाई हुई और 5 मई को घर में आए मेहमानों के स्वागत और भोजन की तैयारी चल रही थी। पूरे घर में खुशी का माहौल था, लेकिन इसी बीच एक छोटी सी बात को लेकर पिता और बेटे के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
परिजनों के अनुसार, शुरुआत में परिवार के अन्य सदस्यों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत करा दिया था। लेकिन कुछ देर बाद दोनों के बीच विवाद फिर से भड़क उठा और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि बेटे ललित राय ने गुस्से में आकर अपने पिता गोविंद राय पर हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि गोविंद राय की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय घर में मौजूद बहू ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत कर्माटांड़ थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसआई विकास तिवारी और मुकेश भोक्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र ललित राय को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस घर में कुछ ही दिन पहले शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
संवाददाता: संतोष कुमार
