झारखंड के बोकारो जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर में बहन की शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। चास के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रानी चीड़का गांव निवासी 22 वर्षीय युवक डीजेपद कुमार की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई।

 

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक डीजेपद कुमार अपनी बहन की शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। घर में शादी को लेकर उत्साह का माहौल था और सभी लोग तैयारी में लगे थे। इसी बीच डीजेपद शादी के सामान की खरीदारी के लिए बाइक से चास जा रहा था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

 

बताया जा रहा है कि एनएच-32 पर बाबा धर्म कांटा के पास उसकी बाइक की टक्कर एक तेज रफ्तार ऑयल टैंकर से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीजेपद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उसके साथ बाइक पर पीछे बैठा एक रिश्तेदार युवक भी घायल हुआ, हालांकि उसे हल्की चोटें आई हैं और वह सुरक्षित बताया जा रहा है।

 

घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क को जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मुआवजे की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए परिजनों को उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया।

 

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शादी की शहनाई बजनी थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में इस घटना को लेकर गहरा दुख देखा जा रहा है।

 

संवाददाता: चंदन सिंह

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *